Home चर्चा में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन...

बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन शुरू

5
0

संवाददाता – रिकेश्वर राणा

दंतेवाड़ा – बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी ने भाजपा सरकार पर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने तथा प्रदेशभर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर जनआंदोलन चला रही है। इसके तहत 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम नागरिकों से आवेदन एवं विरोध-पत्र भरवाएंगे। यह अभियान दो माह तक चलेगा। इसके बाद एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और अंत में प्रदेशभर से प्राप्त पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जुलाई माह से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक बिजली दरों में वृद्धि की गई है। पार्टी का दावा है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है और अब तक कुल 31.23 प्रतिशत की वृद्धि की जा चुकी है।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों के दौरान बिजली दरों में केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि हुई थी तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को तीन से चार गुना तक अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। बिना सहमति के अनुबंध भार बढ़ाने और स्मार्ट मीटर के माध्यम से अधिक खपत दर्ज कर अतिरिक्त राशि वसूलने का भी आरोप लगाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अधिक बिजली बिल आने के तीन प्रमुख कारण बिजली दरों में लगातार वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना तथा स्मार्ट मीटरों के माध्यम से अधिक खपत दर्ज किया जाना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताया था और उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने की बात कही थी।
प्रेस वार्ता में पीसीसी संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, विवेक देवांगन, वीरेंद्र गुप्ता, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश महासचिव विमल सलाम, जिला सचिव जितेंद्र कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा शोरी, जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनीष ठाकुर तथा युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गणेश दुर्गा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here