Home चर्चा में समरसता का संदेश लेकर सरगुजा पहुंचेगा वाराणसी की पावन माटी युक्त कलश

समरसता का संदेश लेकर सरगुजा पहुंचेगा वाराणसी की पावन माटी युक्त कलश

3
0

-संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अन्तर्गत जिलेभर में निकलेगी कलश यात्रा

विकास अग्रवाल/अम्बिकापुर।
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश पूरे सरगुजा जिले में समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर भ्रमण करेगी। अभियान गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर आगामी माघ पूर्णिमा तक चलेगा।

राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूज्य संतों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पवित्र कलशों का पूजन किया गया। इसके बाद प्रदेश के सभी 36 संगठनात्मक जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे गए तथा मुख्यमंत्री ने कलश यात्रा रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया जिला टोली के साथ पवित्र कलश लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो चुके हैं। यह पवित्र कलश बुधवार को अंबिकापुर पहुंचेगा, जहाँ स्थानीय राम मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ स्वागत और पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात यह कलश जिले के विभिन्न मंडलों में भ्रमण कर संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुँचाएगा।

इस अवसर पर भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि “संत शिरोमणि गुरु रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने की शक्ति देते हैं। भाजपा का यह अभियान किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोने का अभियान है। हम संत रविदास के संदेश को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाकर सामाजिक सद्भाव एवं समरसता को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि वाराणसी से आई पवित्र माटी युक्त कलश का जिलेभर में श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा तथा इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को संत रविदास के आदर्शों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। यह अभियान सामाजिक एकता, समावेशिता और भाईचारे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद हर्ष , मधुसूदन शुक्ला, संतोष दास, वैभव सिंह देव, आरडी चौहान, राधा रवि, आशीष गुप्ता , कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here