Home कोरबा उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित

उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित

10
0

-करतला विकासखंड के सभी 122 गाँवो मे 15 अगस्त को आयोजित होगा उल्लास महाचौपाल एवं पूर्ण साक्षरता शपथ ग्रहण कार्यक्रम

करतला, 10 अगस्त 2026। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड करतला में समस्त प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले उल्लास महाचौपाल, पूर्ण साक्षरता शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा सितंबर 2026 में प्रस्तावित उल्लास साक्षरता परीक्षा की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

बैठक का संचालन विकासखंड परियोजना अधिकारी उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, करतला श्री लोकनाथ सेन द्वारा किया गया। उन्होंने सर्वप्रथम शासन स्तर से आगामी सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली उल्लास साक्षरता परीक्षा के संबंध में जारी आदेशों एवं दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले उल्लास महाचौपाल के संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला साक्षरता प्राधिकरण द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी ग्राम प्रभारियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

दैनिक जीवन से जोड़कर साक्षरता प्रदान करने पर जोर

प्रशिक्षण सत्र में डाइट कोरबा की उप प्राचार्य श्रीमती मनीषा जैन ने स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा असाक्षरों के लिए संचालित की जाने वाली कक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साक्षरता का उद्देश्य केवल पढ़ना-लिखना सिखाना नहीं है, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को व्यक्ति के दैनिक जीवन से जोड़ना भी आवश्यक है।
उन्होंने स्वयंसेवी शिक्षकों को स्थानीय परिवेश एवं आसपास उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से गणित, विज्ञान, भाषा सहित विभिन्न विषयों की व्यावहारिक जानकारी देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि असाक्षरों को दैनिक जीवन में आवश्यक गतिविधियों को स्वतंत्र रूप से संचालित करने योग्य दक्षता प्रदान करना साक्षरता अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसलिए शिक्षण प्रक्रिया को व्यवहारिक, सरल एवं गतिविधि आधारित बनाने की आवश्यकता है।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में होगा उल्लास महाचौपाल

बैठक में जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों को 15 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में उल्लास महाचौपाल एवं उल्लास शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि राज्य कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाना है। इसके तहत 14 अगस्त की शाम मोबाइल टॉर्च/मशाल रैली का आयोजन कर लोगों को उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

15 अगस्त की सुबह प्रभात रैली आयोजित करते हुए उल्लास साक्षरता अभियान से संबंधित नारों का उद्घोष किया जाएगा तथा रैली में अभियान से संबंधित फ्लेक्स एवं प्रचार सामग्री का उपयोग किया जाएगा।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में उल्लास पूर्ण साक्षरता शपथ दिलाई जाएगी। जिन ग्रामों में पूर्ण साक्षरता की स्थिति प्राप्त हो चुकी है, वहां ग्राम प्रभारी द्वारा सभी के समक्ष ग्राम को पूर्ण साक्षर होने की घोषणा की जाएगी। वहीं जिन ग्रामों में अभी भी असाक्षर व्यक्ति शेष हैं, वहां उनकी संख्या की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से साझा की जाएगी, ताकि शेष असाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जा सके।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दिया जाएगा साक्षरता का संदेश

उल्लास महाचौपाल के दौरान गीत, कविता, भाषण, नाटक एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से साक्षरता एवं उल्लास अभियान के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि पूर्व में आयोजित उल्लास साक्षरता परीक्षाओं में सहयोग करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं अन्य सहयोगियों को ग्राम स्तर पर सम्मानित किया जाए, ताकि साक्षरता अभियान में उनके योगदान को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जा सके।

उल्लास साक्षरता वृक्षारोपण एवं सेल्फी जोन का होगा निर्माण

कार्यक्रम के दौरान यदि संभव हो तो उल्लास साक्षरता वृक्षारोपण भी किया जाएगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उल्लास अभियान से संबंधित फ्लेक्स के साथ फोटो लेकर भेजने के निर्देश दिए गए।

साथ ही प्रत्येक ग्राम में स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा साक्षरता सेल्फी जोन तैयार करने पर भी जोर दिया गया। स्वयंसेवी शिक्षक जिन नवसाक्षरों को पढ़ा रहे हैं अथवा आगामी समय में पढ़ाने वाले हैं, उनके साथ पुस्तक अथवा प्रमाण पत्र लेकर सेल्फी लें और अभियान की गतिविधियों को जनसामान्य तक पहुंचाएं।

सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को मिलेगा व्यापक प्रचार

बैठक में उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। स्वयंसेवी शिक्षकों एवं ग्राम प्रभारियों को असाक्षरों को पढ़ाते हुए फोटो एवं वीडियो तैयार कर साझा करने तथा अभियान से संबंधित गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उल्लास अभियान की विभिन्न गतिविधियों को फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर एवं इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने तथा संभव होने पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण करने के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे अभियान की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
प्रत्येक ग्राम से कार्य पूर्णता प्रतिवेदन भेजने के निर्देश

कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा 15 अगस्त को किए गए उल्लास संबंधी समस्त कार्यों का कार्य पूर्णता प्रतिवेदन तैयार कर निर्धारित माध्यम से भेजने के निर्देश दिए गए। इसमें रैली, शपथ ग्रहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, वृक्षारोपण, सेल्फी जोन, नवसाक्षरों की सहभागिता तथा अन्य आयोजित गतिविधियों का विवरण शामिल करने पर जोर दिया गया।

बैठक के अंतिम चरण में व्याख्याता डाइट कोरबा श्रीमती आँशु गुप्ता द्वारा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं चर्चित विषयों का सारांश प्रस्तुत किया गया तथा प्रमुख निर्देशों को पुनः चिन्हांकित करते हुए सभी प्रतिभागियों से निर्धारित कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की गई।

बैठक में उपस्थित समस्त प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों ने उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक असाक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here