रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रतनपुर पुलिस ने इस बार एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल करते हुए थाने परिसर के साथ-साथ स्कूली बच्चों और शहीद परिवारों के बीच पहुंचकर आजादी का पर्व मनाया। थाना प्रभारी निलेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने ध्वजारोहण किया और देश के वीर शहीदों की शहादत को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रतनपुर थाने में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय स्कूलों के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, देश की सुरक्षा तथा संविधान के महत्व की जानकारी दी। बच्चों के साथ राष्ट्रगान गाया गया और उन्हें मिठाई वितरित कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का संदेश दिया गया।

शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
रतनपुर पुलिस की इस पहल का सबसे भावुक पक्ष शहीद परिवारों के घर पहुंचकर उनका सम्मान करना रहा। पुलिस टीम ने वीर शहीद नूतन सोनी के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनकी शहादत एवं देश के प्रति दिए गए बलिदान को याद किया। पुलिस द्वारा शहीद परिवार का सम्मान कर उन्हें यह संदेश दिया गया कि देश अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के योगदान को कभी नहीं भूलता।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान थाना स्टाफ की मौजूदगी रही।

गज किला में बच्चों के साथ लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रतनपुर के ऐतिहासिक गज किला परिसर में भी थाना स्टाफ ने स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा लहराया। इस दौरान बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।
रतनपुर पुलिस की यह पहल केवल स्वतंत्रता दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है। वहीं शहीद परिवारों के सम्मान और बच्चों को राष्ट्र, संविधान एवं कर्तव्यों से जोड़ने की यह पहल समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश छोड़ गई।







