Home चर्चा में ग्राम खैरा, थाना रतनपुर में नशा विरुद्ध चेतना कार्यक्रम आयोजित

ग्राम खैरा, थाना रतनपुर में नशा विरुद्ध चेतना कार्यक्रम आयोजित

7
0

रतनपुर। दिनांक 17 अगस्त 2026 को ग्राम खैरा में पुलिस प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत नशा विरुद्ध चेतना एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को तो नुकसान पहुंचाता ही है, साथ ही इससे परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं रोजगार जैसे सकारात्मक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शन एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं, महिला समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सरपंच सुक्रिता पोरते, प्रतिनिधि कृष्णा साहू, जगरनाथ आर्मो, राजू जायसवाल, त्रिवेणी बाई राजपूत, उत्तम राजपूत, देव चरण राजपूत, तिरिथ राम पोरते सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को 112 अथवा 100 नंबर पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here