विमल सोनी/रतनपुर। रतनपुर एवं बेलगहना ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में बिलासपुर–रतनपुर–पेंड्रा मार्ग तथा नेशनल हाईवे-45 (रतनपुर–पेंड्रा परियोजना) में कथित घटिया सड़क निर्माण के खिलाफ 20 अगस्त, गुरुवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी पूरी कर ली है।
बताया जा रहा है कि करीब 510 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रतनपुर–पेंड्रा सड़क परियोजना में भारी अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगाए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद पहली बारिश में सड़क पर लंबी दरारें पड़ गई हैं, कई स्थानों पर सड़क धंस गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की स्थिति के कारण कई जगह वाहन फंस रहे हैं। ऐसे में मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव सहित रतनपुर और बेलगहना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के माध्यम से निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा सड़क को गुणवत्तापूर्ण तरीके से दोबारा दुरुस्त कराने की मांग उठाई जाएगी।
विरोध प्रदर्शन के आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन केवल सड़क तक सीमित नहीं रहेगा। यदि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रखने की चेतावनी दी जाएगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क यदि पहली ही बारिश में टूटने और धंसने लगे, तो यह न केवल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि जनता के धन और उसकी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय भी है। इसी को लेकर 20 अगस्त को रतनपुर–पेंड्रा मार्ग पर जोरदार विरोध प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।







