Home चर्चा में बीजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में...

बीजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख का माल बरामद

4
0

बीजापुर। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता (भा.पु.से.) के निर्देशन में बीजापुर पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 9 मोबाइल फोन और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल सहित करीब 5 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। कार्रवाई थाना बीजापुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार रमन कुमार झा के मार्गदर्शन, एसडीओपी बीजापुर अभिषेक केसरी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बीजापुर शदुर्गेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं की जांच शुरू की।

मोबाइल दुकान से चोरी हुए थे 9 मोबाइल

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रोशन गुप्ता पिता राजकुमार गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी राउतपारा बीजापुर ने थाना बीजापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोबाइल दुकान मोबाइल जोन, बीजापुर में 26 और 27 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात चोरी की घटना हुई।

अज्ञात चोर दुकान में रखे कुल 9 नग मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था। शिकायत मिलने के बाद थाना बीजापुर में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने चोरी गए मोबाइल फोन और घटना में शामिल आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी आरोपी की संलिप्तता

जांच के दौरान पुलिस को एक अन्य चोरी के मामले में भी आरोपी की संलिप्तता के सुराग मिले। प्रार्थी महेन्द्र कुमार निर्मलकर पिता लखन लाल निर्मलकर, उम्र 36 वर्ष, निवासी बिलासपुर, हाल आवापल्ली, जिला बीजापुर ने थाना कोतवाली बीजापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

प्रार्थी के अनुसार, उसने अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BV5485 को 5 नवंबर 2025 को काल भैरव आकांक्षा ऑटोमोबाइल गैरेज, बीजापुर में खड़ा किया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी।

इस मामले में थाना कोतवाली बीजापुर में अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मोटरसाइकिल की तलाश की जा रही थी।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

चोरी की दोनों घटनाओं की जांच के दौरान थाना कोतवाली बीजापुर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने घटनाओं से जुड़े विभिन्न तथ्यों एवं साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी सहायता के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई।

पुलिस टीम ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

आरोपी गिरफ्तार, करीब 5 लाख का मशरूका बरामद

पुलिस ने मामले में लखन समतुल पिता रामलाल समतुल, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कोटेर (डोंगरीपारा), थाना बीजापुर, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार किया है।

आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 9 मोबाइल फोन और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल सहित करीब 5 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here