जन्माष्टमी पर भक्तिमय हुआ जेल परिसर, विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को दिया श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का संदेश
संवाददाता : योगेन्द्र राठौर | बिलासपुर
बिलासपुर, 04 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर केंद्रीय जेल बिलासपुर में श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान कान्हा के भजनों से जेल परिसर गूंज उठा और बंदियों ने भी धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में सहभागिता की। विधायक ने बंदियों से संवाद करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
उत्साह से फोड़ी मटकी
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़ी और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान जेल परिसर में भक्ति, उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा।
सकारात्मक सोच के साथ नई शुरुआत का संदेश
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार का संदेश देता है। उन्होंने बंदियों से सकारात्मक सोच अपनाने तथा अच्छे आचरण के साथ अपने जीवन में नई शुरुआत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद व्यक्ति अपने कर्म और विचारों से जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। श्रीकृष्ण के जीवन और उनके उपदेश प्रत्येक व्यक्ति को सही मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया पर्व
जन्माष्टमी आयोजन का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बंदियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







