Home चर्चा में सक्षम के प्रदेश अध्यक्ष बने डॉ राजेश अवस्थी, अंजली चावड़ा प्रदेश सचिव...

सक्षम के प्रदेश अध्यक्ष बने डॉ राजेश अवस्थी, अंजली चावड़ा प्रदेश सचिव एवं लोकनाथ सेन को मिली प्रदेश सह सचिव कि जिम्मेदारी

12
0

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने वाली राष्ट्रीय सामाजिक संस्था सक्षम की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक राजस्थान के जोधपुर में गत दिनों संपन्न हुई। सक्षम देशभर में सभी 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के क्षेत्र में सेवा एवं जागरूकता के कार्य कर रही है।

बैठक में सक्षम के संपर्क अधिकारी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख श्री राजकुमार मटाले जी पूरे समय उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री आलोक कुमार जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

श्री आलोक कुमार जी ने कहा कि सक्षम का सेवा कार्य समाज के सबसे अंतिम एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए प्रतिदिन सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सभी प्रकार की दिव्यांगताओं के संबंध में पर्याप्त जानकारी रखनी चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को उचित सहयोग और मार्गदर्शन मिल सके।

उन्होंने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़कर उन्हें दायित्व देना आवश्यक है, लेकिन पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उनके लंबे अनुभव और कार्यकुशलता का लाभ संगठन को निरंतर लेते रहना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दयाल सिंह पवार ने की। बैठक के दौरान सक्षम छत्तीसगढ़ प्रांत के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं दायित्वों की घोषणा भी की गई। इसमें डॉ. सुरेन्द्र शुक्ला को प्रांत संरक्षक, डॉ. राजेश अवस्थी को प्रांत अध्यक्ष, श्रीमती अंजलि चावड़ा को प्रांत सचिव तथा श्री लोकनाथ सेन को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अनूप कुमार पाण्डेय एवं प्रांत संगठन सचिव श्री राम जी राजवाड़े भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री चंद्रशेखर जी एवं महासचिव श्री उमेश अंधारे जी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक संपन्न हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here