सोमन साहू/आरंग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अमर ज्योति भवन, गुढ़ियारी पारा आरंग में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में ‘मूल्य आधारित शिक्षा’ विषय पर गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज निर्माण में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले 75 सेवानिवृत्त एवं सेवारत शिक्षकों को शाल, श्रीफल, लेखनी, ज्ञान पुस्तक और गुलाब पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्थानीय पत्रकारो को भी सम्मानित किया गया l
कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर योग भजनों से हुआ, जिसके बाद बच्चों ने सुरुचिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नैतिक शिक्षा का सशक्त संदेश दिया। हिरमी से पधारीं बीके नमिता बहन ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारा बाह्य परिचय सीमित है, वास्तव में हम सभी दिव्य आत्माएं हैं। बच्चों में संस्कार और नैतिक मूल्य रोपने के लिए शिक्षकों को स्वयं राजयोग, एकाग्रता, संयम और अनुशासन जैसी आत्मिक शक्तियों को जीवन में धारण करना होगा। केंद्र संचालिका बीके पिंकी बहन ने सभी को ध्यान-योग का गहन अभ्यास कराकर आत्मिक शांति की अनुभूति कराई।

समारोह के मुख्य अतिथि मदर्स प्राइड स्कूल के संचालक ध्रुव शुक्ला ने वैदिक श्लोकों का संदर्भ देते हुए कहा कि संकल्प शक्ति को सुदृढ़ करने के लिए ध्यान और योग जीवन की अनिवार्य आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश दीवान ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक दौर में नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने के लिए शिक्षकों को निरंतर अपडेट रहना होगा और उनमें भारतीय संस्कृति के बीज बोने होंगे। उन्होंने इस दिशा में ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
सभा को सहायक शिक्षक फेडरेशन के अध्यक्ष धरम दास पाटिल, गांधी स्कूल के प्राचार्य हरेश कुमार दास तथा व्याख्याता मितांजली महंती ने भी संबोधित किया। मंच संचालन कर रहे शिक्षक अरविंद वैष्णव ने ‘ज्योतिबिंदु परमात्मा को जानें’ कविता के जरिए आत्मिक जागृति का आह्वान किया, वहीं व्याख्याता कवि हरमन बघेल ने ओजस्वी काव्य पाठ कर भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।
सम्मानित होने वाले प्रमुख शिक्षकों में छत्रधर दीवान,उमेंद्र चंद्राकर, होरीलाल पटेल, डोमन डहरिया, युवराम साहू, मनोज शर्मा, युवराज मिश्रा, कमलेश टंडन, अभिषेक तिवारी, गिरिजा शंकर अग्रवाल, रामनारायण कन्नौजे, के.के. साहू सहित कुल 75 शिक्षक शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में संचालिका दीदी बीके लता बहन ने आभार ज्ञापित किया। आयोजन को सफल बनाने में मोहन साहू, गणेश साहू, ईश्वर साहू, जयशंकर यादव, अरविंद वैष्णव सहित संस्थान की माताओं-बहनों का सराहनीय योगदान रहा।







