Home चर्चा में नल-जल योजना बनी आफत: खोदी गई सड़कों से स्कूली बच्चे और मोहल्लेवासी...

नल-जल योजना बनी आफत: खोदी गई सड़कों से स्कूली बच्चे और मोहल्लेवासी बेहाल, जल्द मरम्मत की मांग

8
0

विमल सोनी/रतनपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 और 5 में इन दिनों आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। अमृत जल योजना (जल जीवन मिशन) के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कई जगहों पर मुख्य मार्ग और गलियों की खुदाई की गई है। काम पूरा होने के बाद भी कई स्थानों पर सड़कों को व्यवस्थित नहीं किया गया, जिसके चलते गड्ढे, धूल और मिट्टी से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड में पिछले कई वर्षों से नर्सरी से लेकर बारहवीं तक महामाया पब्लिक स्कूल का संचालन हो रहा है, जहां रतनपुर नगर के अलावा आसपास के कई मोहल्लों के बच्चे पढ़ने आते हैं। बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने के लिए उनके माता-पिता भी रोजाना इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों और अभिभावकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल

वार्ड क्रमांक 4 और 5 में पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें वर्तमान में कई जगहों पर चलने लायक नहीं रह गई हैं। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल है, वहीं पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घर-घर पानी पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना का काम जरूरी है, लेकिन पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पहले की तरह दुरुस्त करना भी संबंधित विभाग और ठेकेदार की जिम्मेदारी है। लोगों का आरोप है कि कई जगह काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रशासन चिंतित

सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्कूल प्रशासन भी चिंतित है। स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी गड्ढों और धूल-मिट्टी के बीच से गुजरना पड़ता है। स्कूल प्रशासन ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति जल्द सुधारने की मांग की है।

“स्कूल के आसपास सड़क की स्थिति खराब होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर हम चिंतित हैं। रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल आते-जाते हैं और कई अभिभावक उन्हें छोड़ने व लेने पहुंचते हैं। सड़क पर बने गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। संबंधित विभाग और ठेकेदार से हमारी मांग है कि कार्य को जल्द पूरा कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों और अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी न हो।”

मोहल्लेवासियों में नाराजगी, जल्द मरम्मत की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क खुदाई के बाद जगह-जगह गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। सड़क धंसने और वाहनों के फंसने से कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है।

मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा कर सड़कों को व्यवस्थित किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

पार्षद ने कहा—मरम्मत के लिए ठेकेदार को दी गई सूचना

“वार्ड क्रमांक 4 और 5 में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई है, जिसके कारण आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी हो रही है। सड़क की सुधार और मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है तथा इसकी सूचना संबंधित ठेकेदार को भी दे दी गई है। जल्द से जल्द गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here