विनय सूर्यवानी को सचिव और आदित्य पांडेय को कोषाध्यक्ष व कार्यक्रम प्रभारी की जिम्मेदारी, 13 अक्टूबर को होगा स्वरांजलि कार्यक्रम
पेण्ड्रा। जिले में गीत, संगीत और कला के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्वरांजलि संगीत एवं कला मंच जीपीएम का गठन किया गया है। 19 सितंबर को पेण्ड्रा में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें राकेश चतुर्वेदी को जिलाध्यक्ष, विनय सूर्यवानी को सचिव तथा आदित्य पांडेय को कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया।
नई कार्यकारिणी में मदन सोनी, प्रशांत कुशवाहा और पूजा केशरवानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं संजय विश्वकर्मा (राजू) और प्रतीक गुप्ता को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. देवेंद्र पैकरा, डॉ. नीरज जैन, राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, अंबिका शर्मा, अखिलेश नामदेव, विकास जायसवाल, शरद अग्रवाल, शरद गुप्ता, प्रमोद शर्मा, सत्यनारायण जायसवाल, नितेश जैन, प्रशांत गुप्ता, अमित शर्मा, आशुतोष तिवारी, अजीत दुबे, सुरेश केशरवानी, दीपक तिवारी, कुंज बिहारी तिवारी और समीर खान को शामिल किया गया है।
इसके अलावा कंचन सिंग, पूजा पवार, मीनाक्षी केशरवानी, मीना शर्मा और शिवानी सूर्यवानी को विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है।
जिले की संगीत संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने का निर्णय
बैठक में जिले की गीत-संगीत एवं कला प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सदस्यों ने जीपीएम जिले में सक्रिय सभी संगीत संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करने और एक-दूसरे को सहयोग देने का निर्णय लिया। मंच का उद्देश्य जिले में गीत-संगीत के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए स्वरांजलि संगीत एवं कला मंच जीपीएम को एक सक्रिय एवं सफल संगीत संस्था के रूप में स्थापित करने की अपेक्षा व्यक्त की गई। इसके साथ ही संगीत के अलावा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सहयोग करने का निर्णय लिया गया।
लता मंगेशकर, आशा भोंसले और किशोर कुमार को दी जाएगी संगीतमय श्रद्धांजलि
मंच की ओर से 13 अक्टूबर को स्वरांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारतीय सिनेमा के महान पार्श्वगायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित होगा। कार्यक्रम माधव राव सप्रे जिला प्रेस क्लब भवन के हाल में होगा।
मंच के अनुसार सितंबर माह में महान गायिका लता मंगेशकर और आशा भोंसले की जयंती भी होती है। ऐसे में 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाले स्वरांजलि कार्यक्रम में लता मंगेशकर, आशा भोंसले और किशोर कुमार को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए गायक-गायिकाओं का ऑडिशन के आधार पर चयन किया जाएगा।
पेण्ड्रा संवाददाता : दीपक कश्यप







