Home चर्चा में सूरज भारत गैस एजेंसी में पहुंची कलेक्टर की जांच टीम, कई अनियमितताएं...

सूरज भारत गैस एजेंसी में पहुंची कलेक्टर की जांच टीम, कई अनियमितताएं मिलने पर सूरज भारत गैस सील

12
0

-आरोपों की जांच; सहायक खाद्य अधिकारी समेत चार सदस्यीय टीम ने की पड़ताल

बृजेश चतुर्वेदी : उदयपुर।

विकासखंड उदयपुर में संचालित सूरज भारत गैस एजेंसी के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा की गई गंभीर शिकायत के 8 दिन बाद बुधवार को सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा गठित जांच टीम उदयपुर पहुंची। ग्रामीणों ने गैस वितरण में उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार, ओवर चार्जिंग के नाम पर मनमाने तरीके से राशि वसूली, धमकी देने सहित कई अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। जांच के दौरान टीम को प्रथम दृष्टया कई शिकायतों से संबंधित अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद जांच टीम ने गैस एजेंसी को सील कर दिया। कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम में सहायक खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव के साथ खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर, राजन कश्यप और नवीन सिंह शामिल रहे। टीम ने एजेंसी में पहुंचकर दस्तावेजों, गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं से संबंधित शिकायतों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार और होम डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त वसूली-
जांच के दौरान उपभोक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा रिफिल उपलब्ध कराने के लिए उसी मोबाइल नंबर की मांग किए जाने से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। इसके अलावा घर पहुंच सेवा के नाम पर उपभोक्ताओं से 25 रुपये अतिरिक्त राशि लिए जाने को भी जांच टीम ने गलत पाया। एजेंसी से जुड़े करीब 15 हजार उपभोक्ताओं के लिए महज दो वाहनों से गैस वितरण किए जाने की व्यवस्था पर भी जांच टीम ने सवाल उठाए। जांच के दौरान एजेंसी परिसर में गैस से संबंधित स्टॉक और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।

स्टॉक में भी मिली गड़बड़ी-
जांच टीम को एजेंसी में रेगुलेटर सहित करीब 101 की मात्रा में स्टॉक मिला, जिसमें 108 डिफेक्ट बताए गए हैं। स्टॉक और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा एजेंसी से जुड़े एक अवैध भंडारण की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से गैस उपभोक्ताओं के बीच भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कई बिंदुओं पर चल रही सूक्ष्म जांच-
सहायक खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव ने बताया जांच टीम द्वारा शिकायत में लगाए गए प्रत्येक आरोप और एजेंसी में पाई गई अनियमितताओं की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। दस्तावेजों, स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं से संबंधित रिकॉर्ड का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने के बाद टीम ने सूरज भारत गैस एजेंसी को सील कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here