आरंग संवाददाता – सोमन साहू
खुशियों को बांटने का सुंदर माध्यम न्योता भोज_डॉ नौरंगे
आरंग। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह की अभिनव पहल ‘आओ खुशियां बांटे’ से प्रेरित होकर नेत्र सहायक चिकित्सा अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष श्री सालिक नौरंगे ने अपना जन्मदिन शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला, गुखेरा के छात्र-छात्राओं के साथ अनूठे अंदाज में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने ‘न्योता भोज’ का आयोजन कर विद्यालय के 120 बच्चों को अपने हाथों से समोसा और जलेबी परोसी। बच्चों की करतल ध्वनि और उत्साह के बीच केक काटकर सभी का मुंह मीठा कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रेरित करते हुए श्री नौरंगे ने अपनी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनका बचपन भी इसी परिवेश में बीता है और गुरुजनों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद की बदौलत ही वे आज इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने कलेक्टर महोदय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘न्योता भोज’ समाज से मिले सहयोग को वापस लौटाने और दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर कर अपनी खुशियों को दोगुना करने का एक अत्यंत सशक्त व सुंदर माध्यम है।
बच्चों ने भी पूरे आत्मीय भाव से डॉ. नौरंगे को गुलदस्ते व लेखनी (पेन) भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन में सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सोनवानी, शाला विकास समिति अध्यक्ष रेखराज देवांगन, उपसरपंच गंगा घासी राम कुर्रे और पंच डेविड ढीढी स्वास्थ्य कर्मचारी संघ प्रांतीय सचिव अरविन्द चंद्राकर विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही शालेय परिवार से अरविंद वैष्णव, के.के. साहू, रामनारायण कन्नौजे, नोहरलाल यादव, विमला चौहान, फातिमा जांगड़े, घनश्याम साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमा देवांगन तथा मध्यान्ह भोजन स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।







