Home चर्चा में खस्ताहाल सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव, नवरात्र पर्व से पहले...

खस्ताहाल सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव, नवरात्र पर्व से पहले मरम्मत का आश्वासन

1
0

पेंड्रा, 01 अक्टूबर 2026।
पेंड्रा शहर की खस्ताहाल एवं गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर गुरुवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय का घेराव किया गया। शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाली के कारण आम नागरिकों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा कई स्थानों पर यातायात बाधित होने की स्थिति भी निर्मित हो रही है।

नगरवासियों ने कहा कि पेंड्रा शहर की प्रमुख सड़कें वर्तमान में अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। इन सड़कों से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए शहर में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की आवाजाही और बढ़ेगी, ऐसे में सड़कों की तत्काल मरम्मत आवश्यक है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों एवं प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि नवरात्र पर्व से पहले शहर की प्रमुख सड़कों के गड्ढों को भरने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

यह आंदोलन नगर पंचायत पेंड्रा के प्रथम अध्यक्ष श्री इकबाल सिंह उपोवेजा एवं नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। सड़क मरम्मत जैसे जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों का एकजुट होना सर्वदलीय जनहित की भावना को दर्शाता है।

इकबाल सिंह उपोवेजा ने कहा—

“सड़कें किसी भी शहर की लाइफलाइन होती हैं। आज पेंड्रा की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। यह केवल सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा का मुद्दा है। हमने विभाग के अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा है कि नवरात्र पर्व से पहले सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ और पूरा किया जाए। यदि समय सीमा में कार्य नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।”

राकेश जालान ने कहा—

“हम विभाग के आश्वासन का सम्मान करते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निर्धारित समय में सड़क मरम्मत का कार्य धरातल पर दिखाई देगा। नवरात्र पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शहर की सड़कों से गुजरेंगे। इसलिए पर्व से पहले सड़कों का दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक है। नगर पालिका परिषद जनहित के इस मुद्दे पर लगातार फॉलोअप करेगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी रखेगी।”

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, सादिक खान, भाजपा नेता महेंद्र शुक्ला, पारस चौधरी, जलेश सिंह, विद्या राठौर, मंजू सिंह ठाकुर, प्रेमवती कोल, सीमा नागेश, राजकुमार रजक, रमेश कोल, मैकू भरिया, बिट्टू शर्मा, आयुष्मान शर्मा, अमित ताम्रकार, अविनाश सोनी, सालू खान सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

जनहित में एकजुट आवाज — पेंड्रा की सड़कों की शीघ्र मरम्मत की मांग।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here