Home चर्चा में जनकल्याण का संकल्प लेकर जनता के द्वार पहुंच रही सरकार : ...

जनकल्याण का संकल्प लेकर जनता के द्वार पहुंच रही सरकार : विधायक श्री धरमलाल कौशिक

7
0

-सेवा संकल्प अभियान के तहत बिल्हा में सेवा सेतु शिविर, हितग्राही हुए लाभान्वित

-आवास स्वीकृति से स्वास्थ्य जांच तक, नागरिकों को मिली कई सेवाओं की सुविधा

बिलासपुर, 3 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत बिल्हा में आज सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। वार्ड क्रमांक 5 स्थित सांस्कृतिक भवन में आवास निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र वितरण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर लोगों को मिली। कार्यक्रम में अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेण्ड्रे, उपाध्यक्ष श्री सतीश शर्मा भी मौजूद थे।

विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि सरकार जनकल्याण का संकल्प लेकर जनता के द्वार पहुंच रही है। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके नजदीक ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की मौजूदगी से लोगों को योजनाओं की जानकारी और अपनी समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों की सार्थकता लोगों को राहत मिलने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने में है।

शिविर में नगर पंचायत बिल्हा द्वारा आवास निर्माण के लिए 68 भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग की मुख्यमंत्री निःशुल्क श्रम कार्ड योजना के तहत तीन हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। नगर पंचायत की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भोजन डिब्बे भी वितरित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों की रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। इनमें रक्तचाप की 42, मधुमेह की 42, सिकल सेल की 36 तथा खांसी संबंधी 27 जांच शामिल रहीं। इसके अलावा दंत एवं अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप आयोजित शिविर में नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन लिए गए और उनके निराकरण की कार्यवाही की गई। श्रम, खाद्य, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, राजस्व तथा कृषि सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने योजनाओं की प्रदान कीं।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सभापति श्री मोहन ढोरिया, पार्षदगण, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी श्री अनीष सिंह ठाकुर, उप अभियंता श्री उमाशंकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here