रिकेश्वर राणा/दंतेवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किरंदुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 04 बंगाली कैंप स्थित एक घर में दबिश देकर 8 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी शंकर घोष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को थाना किरंदुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैंप में राधाकृष्ण मंदिर के पास रहने वाला शंकर घोष अपने घर में बिक्री के लिए गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संजय यादव के निर्देशन में उप निरीक्षक हेम शंकर गुनेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को एक प्लास्टिक बोरी में गांजा मिला। मौके पर विधिवत तौल करने पर गांजे का कुल वजन 8 किलो 400 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये है।

पुलिस ने गांजे को जब्त कर आरोपी शंकर घोष पिता नंद लाल घोष, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैंप, राधाकृष्ण मंदिर के पास, किरंदुल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को 6 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







