Home चर्चा में स्वास्थ्य सेवाओं में बीजापुर की बड़ी उपलब्धि: एएएम-पीएचसी चेरपाल को राष्ट्रीय स्तर...

स्वास्थ्य सेवाओं में बीजापुर की बड़ी उपलब्धि: एएएम-पीएचसी चेरपाल को राष्ट्रीय स्तर पर NQAS गुणवत्ता प्रमाणन

3
0

-राष्ट्रीय मूल्यांकन में 92.11 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर, छह विभागों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरा उतरा चेरपाल पीएचसी

बीजापुर, 07 अक्टूबर 2026/ जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एएएम-पीएचसी) चेरपाल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), नई दिल्ली द्वारा National Quality Assurance Standards (NQAS) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर Quality Certified घोषित किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर किए गए बाह्य मूल्यांकन में एएएम-पीएचसी चेरपाल ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े 6 विभागों के निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए 92.11 प्रतिशत का उत्कृष्ट ओवरऑल स्कोर प्राप्त किया। यह उपलब्धि स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को प्रमाणित करती है।

कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयास

कलेक्टर विश्वदीप एवं सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप एएएम-पीएचसी चेरपाल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन का परिणाम

इस उपलब्धि पर डीपीएम, बीएमओ, बीपीएम, पीएचसी प्रभारी, प्रशासनिक टीम सहित एएएम-पीएचसी चेरपाल के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। स्वास्थ्य विभाग ने इसे टीम के समर्पण, बेहतर प्रबंधन, सेवाओं की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया है।

NQAS प्रमाणन बीजापुर जिले में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को नई मजबूती मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here