-केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित भाजपा नेताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प
विकास अग्रवाल/अम्बिकापुर।
शासन प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार, 7 अक्टूबर को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य, जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता एवं गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला प्रभारी गोपाल साहू, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक राजकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत और जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में “विकसित भारत संकल्प सभा” एवं “सेवा ज्योति यात्रा” का आयोजन स्थानीय कलाकेंद्र मैदान, अंबिकापुर में किया गया।
भारत माता के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सभा के दौरान अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने वंदेमातरम् गीत गाया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव प्रसारित संदेश का श्रवण किया।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और सुशासन की यात्रा देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। सेवा संकल्प अभियान जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का माध्यम है।
प्रस्तावना उद्बोधन में भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। भाजपा कार्यकर्ता सेवा और संगठन के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
दोपहर सभा के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एक बाइक पर सवार होकर भाजपा पदाधिकारियों एवं भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली के रूप में सेवा ज्योति यात्रा पर निकले।
यह यात्रा कलाकेंद्र मैदान से महामाया चौक, जयस्तंभ चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, जेल रोड, नगर पालिका निगम, सेवा ज्योति चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां मानव रंगोली बनाकर प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की कड़ी में कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया गया, जहां मंत्री तोखन साहू एवं अन्य अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
सभा के दौरान मंच का संचालन भाजपा के जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया तथा जिला मंत्री वैभव सिंहदेव ने आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री तोखन साहू ने उपस्थित जनों को विकसित भारत सेवा संकल्प की शपथ दिलाई तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, सहकारी बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, मधुसूदन शुक्ला, विकास पांडेय, मधु चौदाहा, चंद्रिका प्रसाद यादव, पायल सिंह तोमर, रूपेश दुबे, देवनाथ सिंह, निलेश सिंह, अभिषेक शर्मा, मनोज गुप्ता, कमलेश तिवारी, मयंक जायसवाल, जतीन परमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू, प्रिया सिंह, अनीश सिंह, अविनाश मंडल, रवजोत सिंह, आशुमल गर्ग, अनुराग शुक्ला, ओंकारेश्वर सिंह, सौरभ मिश्रा, प्रीतेश दुबे, आदित्य गौतम, अभिषेक माथुर, प्रिंस तिवारी, मनीष सिंह (बिलटू), सुधांशु चौबे, आयुष दुबे, रोहन मंडल, लालू यादव, कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।







