Home कोरबा फरसवानी पंचायत के विकास कार्यों पर उठे सवाल, कहीं नाली नहीं तो...

फरसवानी पंचायत के विकास कार्यों पर उठे सवाल, कहीं नाली नहीं तो कहीं स्ट्रीट लाइट बंद, पुरेन्हा पारा की सड़क भी बदहाल

33
0
संवाददाता – योगेंद्र राठौर
फरसवानी। कोरबा जिले के ग्राम फरसवानी में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। गांव के कई हिस्सों में आज भी नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। वहीं जहां नालियां बनाई गई हैं, वहां भी कई जगह उनकी स्थिति खराब बताई जा रही है।
गांव के तालाब की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर गांव में लगाए गए स्ट्रीट लाइट के खंभों की स्थिति भी ठीक नहीं है। कई खंभों पर लगी लाइटें खराब पड़ी हैं, जबकि कुछ स्थानों पर खंभे तो दिखाई देते हैं, लेकिन उन पर अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। ऐसे में रात के समय ग्रामीणों को अंधेरे की समस्या का सामना करना पड़ता है।
सबसे गंभीर स्थिति फरसवानी के पुरेन्हा पारा की सड़क की बताई जा रही है। सड़क पूरी तरह खराब होने के बावजूद अब तक इसका निर्माण या मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब होने की बात सामने आ रही है।
विकास कार्यों के लिए आया पैसा आखिर गया कहां?
इन तमाम समस्याओं के बीच सबसे बड़ा सवाल पंचायत के सामने यह है कि नाली, तालाब की सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़क जैसे विकास कार्यों के लिए फंड आया है या नहीं? अगर राशि स्वीकृत होकर पंचायत को मिली है तो उसका उपयोग किन कार्यों में किया गया? कितनी राशि खर्च हुई और वर्तमान में काम की स्थिति क्या है?
वहीं अगर इन कार्यों के लिए अभी तक राशि स्वीकृत नहीं हुई है, तो पंचायत द्वारा इसके लिए प्रस्ताव या मांग कब भेजी गई और आगे की कार्रवाई क्या की जा रही है?
अब देखना होगा कि फरसवानी पंचायत इन समस्याओं को कब तक दूर करती है और गांव के विकास कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों का क्या जवाब देती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here