संवाददाता अशोक मनहर
पोस्टर मेकिंग एवं ड्राइंग में प्रथम पुरस्कार जीतकर; बढ़ाया विद्यालय और सारंगढ़ का मान
सारंगढ़। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। लगन, निष्ठा और मेहनत के साथ आगे बढ़ने वाली प्रतिभाएं सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करती हैं। अशोका पब्लिक स्कूल, सारंगढ़ (छ.ग.) द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिता में विद्यालय की होनहार छात्रा टि्वंकल चौहान ने अपनी कला और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार (1st Prize / Achievement Award) अपने नाम किया।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में टि्वंकल ने देश के अमर शहीदों और कारगिल के वीर जवानों को समर्पित अपनी कलाकृति के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को रंगों के जरिए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी रचनात्मकता और प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि टि्वंकल चौहान ‘माटी के संदेश’ दैनिक समाचार पत्र के मुख्य कार्यकारी संपादक नरेश चौहान की सुपुत्री हैं। टि्वंकल ने अकादमिक स्तर के साथ-साथ खेलकूद, चित्रकला और अन्य पाठ्यसहगामी गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी यह उपलब्धि इस बात को रेखांकित करती है कि बेटियां शिक्षा के साथ-साथ कला, खेल और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा टि्वंकल चौहान को “Achievement Award for Excellence, Dedication & Outstanding Achievement” स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं
टि्वंकल की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। ‘माटी के संदेश’ परिवार ने भी टि्वंकल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वर्णिम एवं प्रेरणादायी भविष्य की मंगलकामना की है। उनकी यह सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और मेहनत के बल पर वे हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।







