बीजापुर 08 अक्टूबर 2026 –
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के समस्त ब्लॉक मुख्यालयों में बेसिक फोस्टेक ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के शासकीय स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में संलग्न रसोईयों तथा राशन सामाग्री प्रदान करने वाले महिला स्व सहायता समूहों की महिलाओं को खाद्य सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खाद्य सुरक्षा से जुड़े खतरों, उनसे बचने के तरीके, सही कार्यशैली के बारे में जागरूक करना है ताकि उनके द्वारा स्वच्छ वातावरण में सही खाद्य सामाग्रियों का उपयोग करके पोषण व गुणवत्ता युक्त भोजन तैयार करके बच्चों को परोसा जा सके।
उक्त प्रशिक्षण मेसर्स शिक्षा एवं कल्याण समिति, झारखण्ड की तरफ से आये श्री शिव प्रजापति के द्वारा दिया गया, जिसमें डी. के. देवांगन, अभिहीत अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारी व संबंधित क्षेत्र के मिड डे मिल प्रभारी उपस्थित थे। प्रशिक्षक द्वारा खाद्य सुरक्षा से जुड़े भौतिक, रासायनिक व जैविक खतरों के बारे में बताया गया तथा उन खतरों से दूर रहते हुए भोजन पकाने के तरीके, भोजन पकाने से पूर्व व खाना खाने से पूर्व हाथ धोने के महत्व, खाद्य सामाग्रियों से भोजन पकाने के दौरान रखने वाली सावधानियों, खाद्य सामाग्री कय करते समय ध्यान देने योग्य बातें, साफ-सफाई व स्वच्छता का महत्व आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के करीब 1160 रसोईया व महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया गया।







