दंतेवाडा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत गुरुवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दंतेवाड़ा पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई।
इस दौरान कांग्रेस भवन के सामने युवा कांग्रेस के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
बोधघाट परियोजना पर सरकार को घेरा –
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बोधघाट परियोजना को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब बोधघाट परियोजना को लेकर सरकार संवेदनशील थी और परियोजना को निरस्त किया गया था।
सुखदेव भगत ने कहा कि बोधघाट परियोजना को लेकर कांग्रेस ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार के ‘सेवा और संकल्प’ के दावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता के बजाय कॉरपोरेट घरानों को मिल रहा है।

राहुल गांधी को बस्तर लाने की तैयारी –
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी जनहित और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने बोधघाट परियोजना के विरोध को बड़े आंदोलन का रूप देने के संकेत दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी बस्तर आएं और बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को समझें। इसके लिए आंदोलन की व्यापक रूपरेखा तैयार की जाएगी।
हितालकुड़ुम पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों से की चर्चा –
प्रेस वार्ता के बाद सुखदेव भगत हितालकुड़ुम पहुंचे, जहां उन्होंने बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों से परियोजना को लेकर उनकी चिंताओं और समस्याओं पर चर्चा की गई।
सुखदेव भगत ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी बोधघाट परियोजना का हर संभव विरोध करेगी और ग्रामीणों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान राहुल गांधी के संभावित बस्तर दौरे को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की गई।







