खिलेश नाग/फरसगांव। तहसील फरसगांव के अंतर्गत मुख्यालय बड़ेडोंगर में अखिल भारतीय हल्बा हल्बी समाज के सगाजनों द्वारा ठाकुर जोहारनी का पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
पर्व के अवसर पर समाजजनों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर समाज के सगाजनों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य के माध्यम से हल्बा-हल्बी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।

समाजजनों ने कहा कि ठाकुर जोहारनी जैसे पारंपरिक पर्व हमारी संस्कृति, सामाजिक एकता और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और एकजुटता को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के सगाजनों में खासा उत्साह एवं उमंग देखने को मिला और सभी ने मिलकर पर्व को यादगार बनाया।







