Home चर्चा में रामलला के दर्शन को निकले 850 श्रद्धालु, चेहरों पर खुशी और आंखों...

रामलला के दर्शन को निकले 850 श्रद्धालु, चेहरों पर खुशी और आंखों में आस्था

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े और विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने दिखाई हरी झंडी
बिलासपुर, 21 अक्टूबर 2026/ श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन बिलासपुर संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य और पुष्प वर्षा के बीच श्रद्धालुओं को आत्मीय विदाई दी गई। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा रेलवे स्टेशन गूंज उठा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सभापति श्रीमती भारती नीरज माली, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है। भगवान श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा हर श्रद्धालु के मन में होती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से इस योजना से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं के चेहरे पर दिखाई दे रही यह खुशी इस योजना की साथर्कता को दर्शाती है। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता को तीर्थयात्रा कराई थी, उसी भावना के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय श्रद्धालुओं को श्री रामलला के दर्शन करा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान रेलवे स्टेशन पर उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। तिलक लगाकर, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या धाम में श्री रामलला के साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे।अयोध्या रवाना हो रहे श्रद्धालुओं में कोरबा जिले के ओम प्रकाश बारी, मुंगेली जिले के पथरिया के रामखिलावन, लोरमी की पूर्णिमा, अनिल कुमार जायसवाल, बिलासपुर के संजू वैष्णव सहित अन्य ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री रामलला के दर्शन करना उनके जीवन का बड़ा सपना था, जो शासन की इस योजना से साकार हो रहा है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण तीर्थयात्रा कर पाना कठिन था, लेकिन अब उन्हें सम्मानपूर्वक तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है। महिला श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताते हुए खुशी जाहिर की।
उल्लेखनीय है कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ता एवं भोजन की संपूर्ण व्यवस्था शासन द्वारा की गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यात्रा सहयोगी, सुरक्षाकर्मी एवं चिकित्सकों का दल भी साथ रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here