अब्दुल रफ़ीक खान/महासमुंद:
राजस्व पटवारी संघ, जिला शाखा महासमुंद के बैनर तले जिले के समस्त पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अपनी 4 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिला अध्यक्ष कमलेश डहरे, उपाध्यक्ष राकेश कवाइत व सुनील पटेल, तथा जिला सचिव दिनेश कुमार प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पटवारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
पटवारियों की प्रमुख 4 सूत्रीय मांगें:
1. विभागीय पदोन्नति:
राजस्व संवर्ग में पटवारी पद से राजस्व निरीक्षक (RI) के पद पर समयबद्ध पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की जाए। वर्षों से सेवा दे रहे पटवारियों को उनका वाजिब हक मिले।
2. वेतन विसंगति का निराकरण:
वर्ष 2017 में ग्रेड-पे संशोधन के दौरान उत्पन्न हुई विसंगति को दूर किया जाए। समान कार्य के आधार पर उचित वेतनमान निर्धारित कर आर्थिक नुकसान को रोका जाए।
3. पी.वी. (PV) ऐप का बहिष्कार एवं सुधार:
PV ऐप में आ रही निरंतर तकनीकी खामियों, नक्शा त्रुटियों और विसंगतियों के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस ऐप के माध्यम से अनावश्यक दबाव बनाने के विरोध में कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।
4. दमनात्मक कार्रवाइयों को निरस्त करना:
ऐप आधारित कार्यों व तकनीकी समस्याओं के चलते पटवारियों पर की गई निलंबन, कारण बताओ नोटिस एवं दुर्भावनापूर्ण स्थानांतरण की कार्रवाइयों को बिना शर्त वापस लिया जाए।
पदाधिकारियों का रुख:
संघ के जिला अध्यक्ष कमलेश डहरे, उपाध्यक्ष राकेश व सुनील पटेल, तथा जिला सचिव दिनेश कुमार प्रधान ने कहा कि जब तक शासन द्वारा उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए पटवारियों ने प्रशासन के सामने अपना पक्ष मजबूती से रखा।







