अगर आप किसी टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं और रोजाना वहां से गुजरते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार 1 नवंबर 2026 से नया Concessional Local Pass शुरू करने जा रही है।
इसके तहत टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र गैर-कमर्शियल वाहन मालिक सालाना 1,500 या 3,000 रुपए देकर संबंधित टोल प्लाजा के लिए पास ले सकेंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 27 अक्टूबर को इसकी घोषणा की है।
सरकार के मुताबिक, नए लोकल पास की फीस टोल प्लाजा की लोकेशन के आधार पर तय होगी। नगर पालिका या स्थानीय कस्बे की सीमा से बाहर स्थित टोल प्लाजा के लिए सालाना फीस 1,500 रुपए होगी। वहीं, इन सीमाओं के भीतर स्थित टोल प्लाजा के लिए सालाना फीस 3,000 रुपए रखी गई है।
यह पास उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें रोजमर्रा के काम, नौकरी या कारोबार के सिलसिले में एक ही टोल प्लाजा से बार-बार गुजरना पड़ता है। हालांकि, पास का लाभ हर टोल प्लाजा पर अपने आप नहीं मिलेगा। संबंधित टोल प्लाजा का पात्र होना और नियमों की शर्तें पूरी करना जरूरी है।
यह सुविधा गैर-कमर्शियल वाहन रखने वाले उन लोगों के लिए है, जिनका निवास संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है। वाहन पर वैध और चालू FASTag होना भी जरूरी है।
नया पास सिर्फ उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है। इसे किसी दूसरे टोल प्लाजा पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। यानी एक टोल के लिए लिया गया पास दूसरे टोल पर मुफ्त या रियायती यात्रा की सुविधा नहीं देगा।
सरकार ने इस सुविधा के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं। जिन राष्ट्रीय राजमार्गों या एक्सप्रेसवे पर बंद यूजर-फी कलेक्शन सिस्टम लागू है, वहां यह पास उपलब्ध नहीं होगा। इसके अलावा, जहां यात्रियों के इस्तेमाल के लिए सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध है, वहां भी इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।
इसलिए टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने भर से पास मिलना तय नहीं है। वाहन मालिकों को पहले यह जांचना होगा कि उनका टोल प्लाजा इस योजना के लिए पात्र है या नहीं।
पास कहां से बनवा सकेंगे?
सरकार के मुताबिक, नया सालाना लोकल पास 1 नवंबर 2026 से पात्र टोल प्लाजा पर उपलब्ध होगा। इसे राजमार्गयात्रा (Rajmargyatra) ऐप के जरिए ऑनलाइन खरीदने की सुविधा 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी।
इसका मतलब है कि 1 नवंबर से पास उपलब्ध होने और ऐप पर ऑनलाइन सुविधा शुरू होने की तारीख अलग-अलग है। पास बनवाने से पहले अपने संबंधित टोल प्लाजा पर इसकी उपलब्धता और लागू शर्तों की पुष्टि करना बेहतर रहेगा।
FASTag Annual Pass पहले से उपलब्ध है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इसकी फीस 3,075 रुपए है। यह पात्र गैर-कमर्शियल कार, जीप और वैन के लिए एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग तक मान्य है, जो भी पहले पूरा हो।
FASTag Annual Pass से कितना अलग है नया पास?
नया Concessional Local Pass इससे अलग है। यह टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले पात्र लोगों के लिए है और सिर्फ चुने हुए संबंधित टोल प्लाजा पर मान्य होगा। इसकी सालाना फीस टोल की लोकेशन के हिसाब से 1,500 या 3,000 रुपए है।
इसलिए पास चुनते समय यह देखना जरूरी है कि आप पूरे देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करते हैं या मुख्य रूप से अपने घर के पास स्थित किसी एक टोल प्लाजा से गुजरते हैं।







