Home चर्चा में आगामी 02 दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों...

आगामी 02 दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों हेतु सलाह

9
0

भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त चक्रवात पूर्वानुमान के आधार पर जिला जांजगीर-चाम्पा में आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना है। बारिश की इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा के द्वारा जिले के किसानों को चक्रवात के प्रभाव से खरीफ फसलों की सुरक्षा एवं हानि की संभावना को कम करने हेतु कृषि परामर्श जारी किया गया है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के किसान भाई खड़ी फसल धान, दलहन एवं तिलहन के पकने की अवस्था में होने पर आगामी दो से चार दिनों तक फसल कटाई का कार्य न करें। जिन किसानों ने फसल की कटाई कर ली है, वे कटी हुई फसल को शीघ्र सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखें। खेतों में अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी के लिए नालियों की समुचित व्यवस्था करें। फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करें। कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उचित कीटनाशक या कवकनाशक का उपयोग करें। तिवड़ा अथवा अलसी की बुवाई करने के इच्छुक किसान कुछ दिनों तक बुवाई का कार्य स्थगित रखें। रबी फसलों की बुवाई का कार्य मौसम एवं खेतों में नमी की स्थिति अनुकूल होने पर करें।

फूलगोभी, ब्रोकली, कुंदरू, पपीता, खीरा, करेला आदि रबी मौसम की सब्जियों की बुवाई मौसम अनुकूल होने पर करें। लता वाली सब्जियों के पौधों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारे की व्यवस्था करें। खेतों एवं बगीचों में जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें। ओलावृष्टि की आशंका होने पर उपलब्धता के अनुसार सब्जी एवं बागवानी फसलों में ओलावृष्टि-रोधी जाली का उपयोग करें।

कृषि विभाग द्वारा जिले के समस्त किसान भाइयों से अपील की जाती है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें तथा मौसम की स्थिति के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं। अधिक जानकारी एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here