जांजगीर-चांपा। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल महाविद्यालय में ‘राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों और तर्कों के माध्यम से विषय पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में विधि संकाय के छात्र राज कुमार चंद्रा ने अपने दमदार तर्कों और प्रभावशाली विचारों के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीए की छात्रा नंदनी ने द्वितीय तथा बीएससी की छात्रा निधि ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को राज्योत्सव के अवसर पर जिला पुलिस जांजगीर-चांपा की टीम द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका, कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और नागरिकों के प्रति पुलिस की जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी सोच रखने का अवसर प्रदान किया।
बेटियां भी अपनी प्रतिभा से बना रहीं नई पहचान
इस प्रतियोगिता का एक खास पहलू यह भी रहा कि छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और तर्कशक्ति का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। यह दर्शाता है कि बेटियां भी अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और नई पहचान बना रही हैं। शिक्षा, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर छात्राएं लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
इस तरह का आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।







