Home चर्चा में IGKV भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल: दस्तावेज सत्यापन के बाद भी जारी...

IGKV भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल: दस्तावेज सत्यापन के बाद भी जारी नहीं हुई अंतिम चयन सूची, 60-70 अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में

6
0

रिकेश्वर राणा/रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर में विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विश्वविद्यालय द्वारा Field Extension Officer-2, Lab Technician, Programme Assistant एवं Farm Manager के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाने के बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, लेकिन अब तक अंतिम चयन सूची (Final Selection List) और चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) जारी नहीं किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय ने विज्ञापन क्रमांक Estt-4/150/2023/5017, दिनांक 04 अक्टूबर 2023 एवं Estt-3/187/2024/6073, दिनांक 27 दिसंबर 2024 के माध्यम से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत Lab Technician एवं Field Extension Officer-2 के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 5 और 6 अगस्त 2026 को कराया गया था। वहीं, दस्तावेज सत्यापन से छूटे अभ्यर्थियों के लिए संशोधित कार्यक्रम के तहत 21 अगस्त 2026 को दोबारा दस्तावेज सत्यापन कराया गया। इसके अलावा Programme Assistant एवं Farm Manager के पदों के लिए 24 सितंबर 2026 को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न हुई।

दस्तावेज सत्यापन के बाद भी परिणाम का इंतजार

भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंचने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से अब तक अंतिम चयन सूची जारी नहीं की गई है। नियुक्ति एवं ज्वाइनिंग लेटर जारी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लगभग 60 से 70 कृषि स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से वे इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ने और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद भी अंतिम परिणाम घोषित नहीं होने से उनके करियर और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

करीब तीन वर्ष से जारी भर्ती प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बावजूद अंतिम चयन सूची जारी नहीं होने से विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि विश्वविद्यालय प्रशासन भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी का कारण स्पष्ट करे और जल्द से जल्द अंतिम चयन सूची जारी कर नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी करे।

अब देखना होगा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन अभ्यर्थियों की इस चिंता पर कब संज्ञान लेता है और भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए क्या कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here