Home कोरबा कोरबा: फुलझर गांव में अधूरी पड़ी पानी टंकी, नल-जल योजना पर उठे...

कोरबा: फुलझर गांव में अधूरी पड़ी पानी टंकी, नल-जल योजना पर उठे सवाल, बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान ग्रामीण

1
0

योगेंद्र राठौर/करतला। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से नल-जल योजना संचालित की जा रही है, लेकिन कोरबा जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर की तस्वीर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है।

गांव में लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही पानी टंकी आज भी अधूरी पड़ी हुई है। तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा है कि पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। निर्माण अधूरा होने के कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। वहीं गांव के लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब शासन द्वारा नल-जल योजना के तहत गांव-गांव पानी पहुंचाने के लिए बजट स्वीकृत किया जा रहा है, तो आखिर ग्राम फुलझर में पानी टंकी का निर्माण अधूरा क्यों छोड़ दिया गया? निर्माण कार्य की जिम्मेदारी किस विभाग और किस अधिकारी की है? ठेकेदार द्वारा काम पूरा नहीं किए जाने पर जिम्मेदारों ने अब तक क्या कार्रवाई की?

आखिर कब मिलेगी ग्रामीणों को राहत?

गांव के लोगों को उम्मीद थी कि पानी टंकी का निर्माण पूरा होने के बाद घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचेगा और पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। लेकिन निर्माण अधूरा रहने से ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर निर्माण कार्य शुरू तो कर दिए जाते हैं, लेकिन उन्हें समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? यदि योजना का उद्देश्य ही ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराना है, तो फिर फुलझर गांव के लोगों को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा है?

अब जरूरत है कि संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति की जांच करें और अधूरी पड़ी पानी टंकी का निर्माण जल्द पूरा कराएं, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं या फिर फुलझर गांव के ग्रामीणों को पानी के लिए इसी तरह परेशान होना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here