Home चर्चा में राज्य स्तरीय लैक्रॉस प्रतियोगिता में आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी का शानदार प्रदर्शन,...

राज्य स्तरीय लैक्रॉस प्रतियोगिता में आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी का शानदार प्रदर्शन, बालक-बालिका दोनों वर्गों ने हासिल किया द्वितीय स्थान

7
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
NTPC लारा द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, सक्ती जिले का बढ़ाया मान; किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य सुरेश जायसवाल ने दी बधाई।
 जिला शक्ति किरारी। खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण अंचल के बच्चों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने पर आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। NTPC लारा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय लैक्रॉस प्रतियोगिता 2026 में विद्यालय के सब-जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित सक्ती जिले में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
 
प्रतियोगिता के दौरान आदर्श पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मैदान में अपना दमखम दिखाया। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, संघर्षशीलता और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। बालक एवं बालिका दोनों टीमों का उपविजेता बनना विद्यालय की खेल प्रतिभाओं और बेहतर प्रशिक्षण का प्रमाण है।
इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास, लगन और अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार साहू एवं सहयोगी शिक्षक श्री अजय कुमार यादव ने बच्चों को लगातार मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए हर कदम पर सहयोग दिया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों ने कठिन परिश्रम और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।
इस शानदार सफलता पर किशोर न्याय बोर्ड जांजगीर के सदस्य सुरेश जायसवाल ने आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी के समस्त शाला परिवार, प्राचार्य, शिक्षक एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में इस तरह की उपलब्धियां न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी नई पहचान दिलाती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के ये होनहार खिलाड़ी आने वाले समय में और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाएंगे तथा विद्यालय और सक्ती जिले का नाम रोशन करेंगे।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी उपलब्धि
आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी खेल के बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। निश्चित ही यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here