महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
कोमाखान:
मंडी प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम टुल्लू के पास मंडी अधिकारियों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाया जा रहा 85 कट्टा धान और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया।
रात के अंधेरे में हो रहा था परिवहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडी उपनिरीक्षक ललित मोहंती एवं कर्मचारी साजिद मोहम्मद की टीम को क्षेत्र में संदिग्ध धान परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ग्राम टुल्लू में घेराबंदी कर एक वाहन (क्रमांक CG 04 LJ 4552) को रोककर जांच की गई। वाहन में कुल 85 कट्टा धान लदा हुआ पाया गया, जिसके संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज या मंडी अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
ओडिशा निवासी बताया जा रहा धान का मालिक
पूछताछ और प्रारंभिक जांच में जब्त धान का मालिक उमेश कुमार साहू (निवासी ग्राम दलदली, थाना लखना, जिला नुआपाड़ा) होना पाया गया। मंडी अमले ने बिना वैध कागजात के धान परिवहन किए जाने पर 85 कट्टा धान सहित वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
मंडी उपनिरीक्षक ललित मोहंती ने बताया कि अवैध धान की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त धान और वाहन पर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







