दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेन्सन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की है। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को चिट्ठी लिखकर परिवार और सहयोगियों से माफी मांगी। मामला चीन की नागरिक और सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग से उनके कथित रिश्ते से जुड़ा है।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस चीन के लिए जासूसी कर रही थीं। आरोप है कि उन्होंने हुआंग से नजदीकी बढ़ाकर Nvidia से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल करने की कोशिश की। चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है। विवाद के बीच कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
इसका असर शेयर बाजार में भी दिखा। 9 नवंबर को Nvidia के शेयर 4.3% गिरकर 178.59 डॉलर पर बंद हुए। कंपनी का मार्केट कैप एक दिन में करीब 190 अरब डॉलर घटकर 4.31 ट्रिलियन डॉलर रह गया।
Nvidia के बोर्ड ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र डायरेक्टर्स और बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद ली है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे या नहीं और कंपनी की गोपनीय जानकारी पर कोई असर पड़ा है या नहीं।
कंपनी का कहना है कि फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा या कारोबारी गोपनीयता से समझौता होने का कोई संकेत नहीं मिला है। हुआंग जांच में सहयोग कर रहे हैं और CEO पद पर बने रहेंगे।
हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की। उन्होंने लिखा कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे और उनके इस कदम से परिवार को दुख पहुंचा है। इसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता।
उन्होंने परिवार के साथ कर्मचारियों, बोर्ड और शेयरधारकों से भी माफी मांगी। हालांकि, संदेश में उन्होंने एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया और कथित रिश्ते का पूरा ब्योरा नहीं दिया।
29 अक्टूबर को न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में जेन्सन हुआंग और एलिस के कथित रिश्ते का खुलासा हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि एलिस चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं।
एलिस चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मेगास्पीड ने पिछले दो साल में Nvidia से 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा के चिप खरीदे थे। इसी कारोबारी संबंध के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल उठे। हालांकि, जासूसी के आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।







