Home चर्चा में बीजापुर में 2 करोड़ की सोना-चांदी लूट की कहानी निकली फर्जी, कर्ज...

बीजापुर में 2 करोड़ की सोना-चांदी लूट की कहानी निकली फर्जी, कर्ज से परेशान व्यापारी ने रची थी साजिश; पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

1
0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में NH-63 पर पांडेमुर्गा के पास करीब 2 करोड़ रुपये के सोना-चांदी और नकदी की लूट का मामला पुलिस जांच में फर्जी निकला है। कर्ज के बोझ से परेशान एक ज्वेलरी कारोबारी ने कथित लूट की मनगढ़ंत कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस साजिश में कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक को भी शामिल किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को गीदम निवासी सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी ने थाना नेलसनार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था। इसी दौरान पांडेमुर्गा के जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के सोना-चांदी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास के जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई। साथ ही 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 16 घंटे तक लगातार जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कथित तौर पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन हाईवे से लगे जंगल में एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में मिले। इससे पुलिस को पूरी घटना पर संदेह हुआ। इसके बाद शिकायतकर्ता व्यापारी, कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक से अलग-अलग पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा बदली।

पुलिस जांच में सामने आया कि स्वरूप सोनी पर काफी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी तैयार की और इसमें अपने साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी व वाहन चालक को भी शामिल कर लिया। पूछताछ में व्यापारी ने कथित लूट की कहानी मनगढ़ंत होने की बात स्वीकार की।

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीमों ने किया। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का सहित बीजापुर, भैरमगढ़ और नेलसनार थाना प्रभारियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को कभी भी झूठी सूचना देकर गुमराह न करें। ऐसा करना आपराधिक कृत्य है और झूठी शिकायत देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here