दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार को देर रात से माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 के सर्वर अचानक ठप हो गए। इससे भारत समेत दुनियाभर के लाखों यूजर्स को ईमेल भेजने, रिसीव करने और अकाउंट लॉग-इन करने में समस्या आ रही है। कंपनी ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण कई क्षेत्रों में कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है और वो इसे ठीक करने में जुटे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा में तकनीकी खराबी की वजह से दुनिया भर के करोड़ों दफ्तरों के कामकाज की रफ्तार थम गई है। ऑनलाइन सर्विसेज के ठप होने पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म ‘डाउनडिटेक्टर’ के मुताबिक, आउटलुक में इश्यू की शुरुआत ईस्टर्न टाइम के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे हुई। देखते ही देखते शिकायतों का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा और अपने चरम पर आउटलुक से जुड़ी एक लाख से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं। इसी तरह, माइक्रोसॉफ्ट 365 के लिए भी 15 हजार से ज्यादा यूजर्स ने समस्या की शिकायत दर्ज कराई है।
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस आउटेज की पुष्टि की। टेक कंपनी ने बताया कि उनकी टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआत में यह समस्या अमेरिका तक सीमित लग रही थी, लेकिन बाद में कंपनी ने माना कि इसका असर ग्लोबल हो सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि जब तक वो प्रभाव को कम करने के लिए काम कर रहे हैं, हमने पुष्टि की है कि ये समस्या किसी भी क्षेत्र के यूजर्स के लिए माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवा कनेक्टिविटी को प्रभावित कर सकती है।
आपको बता दें कि हाल ही में Microsoft में 60,000 कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया गया था। कंपनी का यह कदम ऐसे समय आया है, जब वह AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सभी पात्र कर्मचारियों की नौकरी जाने वाली है। कंपनी ने कहा है कि इस प्रोग्राम का उद्देश्य उन कर्मचारियों को सहयोग देना है, जो कंपनी से बाहर करियर बनाने के बारे में सोच रहे हैं।







