सारंगढ़ संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे
सारंगढ़। नगर के प्रांजल विशेष विद्यालय में शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 137वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की प्रमुख श्रीमती हिरा देवी निराला ने बच्चों के साथ उपस्थित होकर दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद पंडित नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए गए।
विद्यालय के बच्चों ने नेहरू जी के जीवन पर आधारित भाषण, कविता, नृत्य और नाटक की मनमोहक प्रस्तुति दी। विशेष बच्चों की प्रस्तुति हुई ।

इस अवसर पर श्रीमती हिरा देवी निराला ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से अत्यधिक प्रेम करते थे, इसलिए उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों को “देश का भविष्य” कहा था। उन्होंने बच्चों को उनके आदर्शों पर चलने और खूब मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई और उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।







