बरपाली संवाददाता – मोहन वैष्णव
तुमान। किसानों की मेहनत, परिश्रम और उम्मीदों से जुड़ी धान खरीदी की शुरुआत आदिवासी सेवा सहकारी समिति तुमान में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुई। धान खरीदी केंद्र में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने विधिवत धान खरीदी का शुभारंभ कर पहली बोहनी कराई। इस अवसर पर किसान शिव कुमार तिवारी, निवासी पूर ढोंढा तराई ने 23 क्विंटल 20 किलो धान की बिक्री की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज झा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके कठिन परिश्रम और पसीने से ही हमारा अन्न भंडार भरता है। किसानों के चेहरे पर मुस्कान और उनके परिवारों में खुशहाली लाना हम सभी की जिम्मेदारी है। धान खरीदी केवल उपज की खरीद-बिक्री नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्र में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और सहयोग के साथ धान खरीदी की जाए।

उन्होंने आगे कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं। ऐसे में धान खरीदी का समय उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति के पदाधिकारियों को किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य निरुपमा पाटले, ग्राम पंचायत सरपंच सुषमा कंवर, समिति अध्यक्ष शत्रुघ्न कंवर,किसान मोर्चा जिला मिडिया प्रभारी संजू वैष्णव,समिति प्रभारी अजय कुमार कौशिक, नोडल अधिकारी हेमंत पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं किसान उपस्थित रहे।

धान खरीदी के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने भी उम्मीद जताई कि इस वर्ष धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न होगी।







