पटना। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे बिहार में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन आज रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस विशेष अवसर पर बिहार के 10 हजार से अधिक नदी, तालाब और जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। छठ महापर्व को लेकर राज्यभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इस पर्व की खास बात यह है कि देश के अलग-अलग महानगरों और विदेशों में रहने वाले बिहार के लोग भी अपनी मिट्टी और परिवार से जुड़ने के लिए घर लौटे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई सहित देश के विभिन्न शहरों और विदेशों से करीब 50 लाख प्रवासी बिहार पहुंचे हैं। वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार लोग परिवार के साथ मिलकर छठ पर्व मना रहे हैं।
पटना के 100 से अधिक घाटों पर विशेष व्यवस्था
राजधानी पटना में छठ पूजा को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा नदी के 100 से अधिक घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। जिन स्थानों पर गंगा का पानी दूर है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अस्थायी तालाब तैयार किए गए हैं।
एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट और पहलवान घाट के पास बनाए गए अस्थायी तालाबों में प्रत्येक स्थान पर लगभग 500 व्रती एक साथ अर्घ्य दे सकेंगे। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल, चेंजिंग रूम, शौचालय और यात्री शेड की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस और अग्निशमन कर्मी तैनात
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पटना में करीब 1400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर और नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
अग्निशमन विभाग ने भी सुरक्षा की तैयारी की है। दीघा, एलसीटी, गांधी घाट, गायघाट और भद्रघाट सहित 46 प्रमुख घाटों पर दमकल वाहन और लगभग 450 अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया है।
घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, बाजारों में भी रौनक
छठ पूजा को लेकर बिहार के बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है। फल, नारियल, केला, गन्ना, सूप, दउरा और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ जुट रही है। घरों में महिलाएं पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ और अन्य पकवान तैयार करने में जुटी हैं।
घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर करेंगे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य का विशेष धार्मिक महत्व है। व्रती बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाएगी।
छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके बाद व्रती विधि-विधान से पूजा संपन्न कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे।
आस्था, परंपरा और पारिवारिक एकता का प्रतीक छठ महापर्व एक बार फिर बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था की अद्भुत तस्वीर पेश कर रहा है।







