संवाददाता – खिलेश नाग
नगरी। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ग्राम मोदे निवासी लीफ आर्टिस्ट विकास शांडिल्य ने पीपल के पत्तों पर उनकी आकर्षक एवं अनोखी कलाकृति उकेरकर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
इस कलाकृति में भगवान बिरसा मुंडा को सिर पर पगड़ी धारण किए हुए दर्शाया गया है। उनके एक हाथ में बाला भी दर्शाया गया है। वहीं, नीचे की ओर छोटे-छोटे आदिवासी योद्धाओं की आकृतियां भाले के साथ उकेरी गई हैं। साथ ही एक पेड़ की आकृति को भी बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है।
लीफ आर्टिस्ट विकास शांडिल्य ने अपनी इस अनूठी कला के माध्यम से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता, संस्कृति और परंपरा को दर्शाने का प्रयास किया है। पीपल के पत्तों पर इतनी बारीकी से बनाई गई यह कलाकृति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर यह कलात्मक पहल उनके संघर्ष, साहस और आदिवासी समाज के प्रति उनके योगदान को याद करने का एक सुंदर प्रयास है।







