बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तेज होकर साइक्लोन तूफान ‘अकवान’ में बदल गया है। इसके 17 नवंबर तक ज्यादा तेज होकर सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म में बदलने की आशंका है। यह आंध्र प्रदेश में तट से टकराएगा। भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी के मुताबिक यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। IMD के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन पिछले 6 घंटों के दौरान 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
IMD के मुताबिक चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और यनम तटों को 20 नवंबर को पार कर सकता है। उस वक्त हवा की स्पीड 120-130 किमी प्रति घंटा होगी, जो बाद में 145 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
चक्रवाती तूफान अकवान के कारण ओडिशा सरकार ने सभी जिलों, विशेष रूप से दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों के जिलों को सतर्क कर दिया है। उन्हें किसी भी खराब मौसम की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में तीन सप्ताह के भीतर तीसरा चक्रवात बनने की संभावना है। ओडिशा के सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम चालू रहेगा। इसके साथ ही बचाव और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के कामों के लिए NDRF, ODRAF, फायर सर्विस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को तैयार रखा जाएगा।
आंध्र प्रदेश में 3 हफ्तों के भीतर तीसरा चक्रवात आने की आशंका है। IMD ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सिस्टम सोमवार शाम तक एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। 17 नवंबर तक यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है, और 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के पास एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफानका रूप ले सकता है। अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। IMD के अनुसार, 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लुर और चेंगलपट्टू में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की आशंता है।