रतनपुर। आंवला नवमी के पावन अवसर पर आज रतनपुर स्थित लखनी देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इस अवसर पर महामाया मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रसाद भोग एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें नगरवासियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना करने, उसके नीचे भोजन करने एवं दान-पुण्य करने से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और पुण्य की प्राप्ति होती है।
महामाया मंदिर ट्रस्ट द्वारा पिछले कई वर्षों से आंवला नवमी के अवसर पर लगातार भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रसाद भोग एवं भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा, “आज सभी भक्त प्रसाद ग्रहण करें। यह हमारी परंपरा है। भक्तों की सेवा ही सच्ची पूजा है। महामाया मंदिर ट्रस्ट हर वर्ष इसी श्रद्धा के साथ आयोजन करता रहेगा।”
महामाया मंदिर ट्रस्ट ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।







