बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया। उस समय हवा की रफ्तार 70-80 किमी प्रति घंटा थी, झोंके 90 किमी तक पहुंचे।
तूफान तो ओडिशा-आंध्र में टकराया, लेकिन उसका असर सीधा पूरे छत्तीसगढ़ और रतनपुर पर पड़ा। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया था।
दो दिनों तक रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश, ठंडी हवा और बादल छाए रहने से रतनपुर का जन-जीवन थम सा गया।
त्योहार की खरीदी पर ब्रेक –
कार्तिक महोत्सव और देव उठनी एकादशी के चलते बाजार में खरीदी के लिए भीड़ थी, लेकिन बारिश से बाजार की गलियां कीचड़, दुकानों के सामने पानी भर गया। कपड़ा, पूजा सामग्री, फल-फूल की खरीदी आधी रह गई।
बच्चों की स्कूल –
सुबह-सुबह बारिश में भीगे बच्चे स्कूल जाते दिखे। कई पालकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। सड़क पर पानी, कीचड़ और ठंडी हवा में छोटे बच्चों को सर्दी-खांसी का खतरा बढ़ गया।
नौकरी जाने वाले कर्मचारी –
बिलासपुर, कोटा, रतनपुर से ड्यूटी जाने वाले कर्मचारी बस स्टैंड पर भीगते रहे। बसें लेट, बाइक वाले रेनकोट में भी भीग गए। कई लोग देरी से ऑफिस पहुंचे, कई छुट्टी लेने को मजबूर हुए।
किसान और मजदूर –
खेतों में कटी धान की फसल भीग गई। रतनपुर क्षेत्र में धान की कटाई चल रही है। मौसम विभाग ने पहले ही कहा था – बारिश से फसल को नुकसान का खतरा है, कलेक्टरों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्तिक महोत्सव पर असर –
श्री पंढरीनाथ मंदिर में कार्तिक महोत्सव चल रहा है। 21 नवंबर को दिंडी यात्रा का दिन था। बारिश के कारण श्रद्धालुओं को दिंडी में चलने, मंदिर पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन भक्ति नहीं रुकी।
आगे क्या ?
मौसम विभाग के अनुसार अकवान अब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है, और उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ में 22 से 25 नवंबर तक भी कहीं-कहीं बारिश का दौर जारी रह सकता है।
रतनपुर के लोगों से अपील –
– बिजली गिरने के समय खुले मैदान, पेड़ और खंभे से दूर रहें।
– बच्चों को भीगने से बचाएं, गर्म कपड़े पहनाएं।
– किसान कटी धान को तिरपाल से ढककर रखें।
– बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।







