Home चर्चा में ईडी के खिलाफ कांग्रेस का ज़ोरदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम...

ईडी के खिलाफ कांग्रेस का ज़ोरदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

1
0

 


रिपोर्ट- खिलेश साहू

धमतरी:- केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने आज सेहराडबरी बायपास पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक NNH30 राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध करते हुए चक्का जाम किया और टायर जलाकर अपना आक्रोश प्रकट किया।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हाथों में कांग्रेस का झंडा और तिरंगा लिए, प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की। प्रदर्शन स्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने कहा:

> “केंद्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की साय सरकार मिलकर लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। ईडी जैसी संस्थाओं का राजनीतिक उपयोग करके विपक्ष को डराया जा रहा है।”

उन्होंने आगे बिजली संकट, महंगाई, नशाखोरी और बेरोज़गारी जैसे मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उनका कहना था कि आम जनता रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रही है, और सरकारें सिर्फ राजनीतिक प्रतिशोध में लगी हैं।

प्रदर्शन में कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, मजदूर कांग्रेस, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग, मछुआ, कर्मचारी, अल्पसंख्यक कांग्रेस सहित अन्य संगठनों के नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ज़ोन, सेक्टर और बूथ स्तर के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही।

प्रदर्शन के दौरान रास्ता पूरी तरह जाम हो गया, जिससे आवागमन बाधित रहा। यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन दोपहर 2 बजे समाप्त हुआ, लेकिन कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि ईडी और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ, तो प्रदेशभर में और उग्र आंदोलन किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here