कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय डीएवी स्कूल के सामने दोपहर 12 बजे के आसपास रोजाना भारी अव्यवस्था का माहौल बन जाता है। स्कूल की छुट्टी के समय सड़क दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पूरी तरह भर जाती है, जिससे यातायात बाधित हो जाता है और लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
कॉलोनी के प्रवेश मार्गों पर लोहे के एंगल लगाए जाने के कारण सभी वाहन स्कूल परिसर के सामने वाली सड़क से ही गुजरते हैं। इसी दौरान बच्चों को लेने आने वाले अभिभावक, सवारी ऑटो और मैजिक वाहन बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
सड़क का चौड़ीकरण होने के बावजूद दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण रास्ता संकरा पड़ जाता है और अन्य वाहनों के लिए निकलने की जगह नहीं बचती। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यह स्थिति प्रतिदिन लगभग एक घंटे तक बनी रहती है, जो बच्चों और आम लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
स्कूल प्रबंधन पर आरोप है कि मोटी फीस लेने के बावजूद उन्होंने पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की है। वहीं, इस मार्ग से एसईसीएल के अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन अब तक किसी ने इस समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की है।
अभिभावक भी जल्दबाजी में अपने वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और यातायात पूरी तरह प्रभावित होता है। हैरानी की बात यह है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन न तो अभिभावकों ने संगठित रूप से आवाज उठाई और न ही प्रशासन या संबंधित अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया।
स्थिति को देखते हुए यहां जल्द से जल्द सुव्यवस्थित पार्किंग और यातायात प्रबंधन की आवश्यकता है, ताकि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।







