पुकार बाफना/बीजापुर, 28 अप्रैल 2026।
सिंगल यूज पॉलिथिन के खिलाफ नगरीय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में व्यापक अभियान चलाया। सचिव नगरीय प्रशासन के दिशा-निर्देश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बंशीलाल नुरुटी के नेतृत्व में टीम ने बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 10 दुकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए सिंगल यूज पॉलिथिन का उपयोग पाए जाने पर कुल 61 हजार 700 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई और भविष्य में प्रतिबंधित पॉलिथिन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन ने दुकानदारों को 12 माइक्रोन से अधिक मोटाई वाले पॉलिथिन के उपयोग की सलाह देते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज पॉलिथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगरीय प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे कपड़े के थैले और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं, ताकि शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।








