युसूफ खान/बलरामपुर –
सामरी पाठ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां नदी में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भुताही की 4 वर्षीय कुमारी श्रीमती कोरवा (पिता – शंकर कोरवा) तथा ग्राम सबाग के 5 वर्षीय अमरजीत कोरवा (पिता – राम साइन कोरवा) भुताही नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नदी किनारे कपड़े उतारकर नहा रहे थे, तभी खेल-खेल में वे गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक डूबने लगे।
घटना शुक्रवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। आसपास मौजूद लोगों को जब तक स्थिति का एहसास हुआ, तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस हृदय विदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव सहित पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।
सावधानी ही बचाव
यह घटना एक बार फिर संकेत देती है कि छोटे बच्चों को नदी, तालाब जैसे जल स्रोतों के पास बिना निगरानी के नहीं जाने देना चाहिए। अभिभावकों की सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोक सकती है।








