जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। शासकीय महाविद्यालय पलारी के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष लोकेश यदु के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में वर्षों से लंबित समस्याओं को सामने रखते हुए जल्द निराकरण की मांग की।
छात्रों ने कहा कि पलारी महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विज्ञान संकाय में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में एमएससी गणित, जीव विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषय प्रारंभ करने की मांग की। साथ ही कला संकाय के विद्यार्थियों के लिए बीए में भूगोल विषय शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। छात्रों का कहना है कि भूगोल विषय नहीं होने से अनेक विद्यार्थी अपनी पसंद का विषय लेकर अध्ययन नहीं कर पा रहे हैं।

महाविद्यालय में अध्ययन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों ने स्वतंत्र ग्रंथालय भवन, आधुनिक सेमिनार हॉल तथा अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की मांग की। छात्रों ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय एवं अध्ययन हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, जिससे पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में शौचालय निर्माण एवं महाविद्यालय मैदान के समतलीकरण की मांग उठाई। विद्यार्थियों ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं मैदान समतल नहीं होने से खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन में दिक्कतें आती हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि शासन एवं प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और शीघ्र आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाएगी। सभी छात्रों ने एक स्वर में कहा महाविद्यालय के विकास एवं बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को बुलंद किया।। इस अवसर पर परमेश्वर साहू योगेश पटेल अजय कनौजे भूपेंद्र निषाद दिपक ईगल सतीश साकेत मनीष यामिनी वर्षा निशू भूमि ललिता तनु योगिता सुहानी चित्ररेखा हेमलता अदिती दिव्या कजल राधिका याशना टिकेशवरी वंदना वर्मा कंचन वर्मा भाग्यलक्ष्मी यादव रितु नीलम पल्लवी सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।।








