Home मुख्य ख़बरें छत्तीसगढ़ को मिलेगी हाईटेक इमरजेंसी सेवा की सौगात: केंद्रीय गृहमंत्री करेंगे नेक्स्ट...

छत्तीसगढ़ को मिलेगी हाईटेक इमरजेंसी सेवा की सौगात: केंद्रीय गृहमंत्री करेंगे नेक्स्ट जेन CG Dial 112 और 400 आधुनिक वाहनों का शुभारंभ

6
0

रायपुर –

छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय गृहमंत्री आज सुबह रायपुर से नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस 2.0) का शुभारंभ करेंगे. इसके साथ ही वह 400 अत्याधुनिक डायल 112 वाहनों और चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की सौगात देंगे. नई व्यवस्था के लागू होने से प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को अधिक आधुनिक, त्वरित और तकनीक आधारित बनाया जाएगा, जिससे लोगों को संकट की स्थिति में तेजी से सहायता मिल सकेगी.

कार्यक्रम की तैयारियों के तहत प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए. नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे नागरिकों को त्वरित एवं समन्वित सहायता सुनिश्चित हो रही है.

इस एडवांस सिस्टम में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली तथा तकनीक सक्षम डिस्पैच प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं. नई व्यवस्था के माध्यम से अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता और जन-संकट की परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी.

प्रदेश में संचालित डायल 112 सेवा वर्ष 2018 से अब तक लाखों नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है. वर्तमान में इसकी सेवाएं 16 जिलों तक सीमित थी, अब यह प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित हो जायेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here