इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 63वां मुकाबला आज सोमवार, 18 मई को चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में खेला जाना है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाली इस भिड़ंत पर आज पूरे देश की नजरें टिकी हैं। वजह कोई अंक तालिका का समीकरण नहीं, बल्कि क्रिकेट जगत के सबसे बड़े नामों में से एक ‘महेंद्र सिंह धोनी’ हैं।
बता दें कि इस सीजन में चोट के कारण धोनी अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। उनकी बढ़ती उम्र और फिटनेस को देखते हुए माना जा रहा है कि यह उनके आईपीएल करियर का आखिरी सीजन हो सकता है। साल 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी अभी भी आईपीएल में सक्रिय हैं, लेकिन आज का मैच उनके और फैंस के लिए बेहद भावुक मोड़ ले चुका है।
दरअसल, नवंबर 2021 में चेन्नई में आयोजित CSK के खिताबी जश्न के दौरान धोनी ने अपने भविष्य को लेकर एक बड़ी बात कही थी। उन्होंने कहा था: “मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की प्लानिंग की है। मेरा आखिरी वनडे मैच मेरे होमटाउन रांची में था। इसलिए, उम्मीद है कि मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा। अब यह अगले साल होगा या पांच साल बाद, यह हमें सच में नहीं पता।”
संयोग देखिए कि इस वादे के ठीक पांच साल बाद, CSK आज IPL 2026 में चेपॉक के मैदान पर अपना आखिरी होम गेम खेलने उतर रही है। भले ही चेन्नई की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, लेकिन घरेलू मैदान पर यह इस सीजन का अंतिम मैच है।
यही वजह है कि बिना किसी आधिकारिक संन्यास की घोषणा के भी आज चेपॉक में ‘फेयरवेल’ जैसा माहौल बन गया है। न तो CSK प्रबंधन और न ही खुद धोनी ने रिटायरमेंट पर कुछ कहा है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए फैंस इसे धोनी का विदाई मैच मानकर चल रहे हैं।








